सीतामढ़ी। अस्पताल रोड स्थित सीता कुंज नगर उद्यान का उद्घाटन शुक्रवार को सूबे के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने किया। मौके पर सांसद देवेश चन्द्र ठाकुर, विधायक मिथिलेश कुमार व गायत्री देवी भी मौजूद रही। मंत्री ने कहा कि सीता कुंज नगर उद्यान की जर्जर स्थिति को देखते हुए नगरवासियों के लगातार आग्रह पर वर्ष 2023 में इसका हस्तांतरण नगर निगम से पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को किया गया था। इसके बाद उद्यान के व्यापक विकास और सौंदरीकरण का कार्य प्रारंभ किया गया, जो आज अपने पूर्ण रूप में नागरिकों के सामने है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर कुल 7 करोड़, 7 लाख, 22 हजार रुपये की लागत आई है। 6 एकड़ के विशाल क्षेत्र में फैले इस उद्यान में मां सीता टेम्पल गार्डेन एरिया, नयनाभिराम वाटर फॉल, मेडिटेशन जोन, ओपन जिम, हर्बल गार्डेन, वर्टिकल गार्डेन और आधुनिक चिल्ड्रेन प्ले एरिया जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। पुराने घने वृक्षों के बीच टहलने के लिए मार्ग और तालाब के घाट का निर्माण भी किया गया है। सिटी ऑफ लंग्स के रूप में किया गया है उद्यान को विकसित मंत्री ने कहा कि सीता कुंज नगर उद्यान को ‘सिटी ऑफ लंग्स’ यानी शहर के फेफड़े के रूप में विकसित किया गया है।
यह घनी आबादी वाले क्षेत्र में एकमात्र प्रमुख हरित क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन लगभग एक हजार से अधिक लोग प्राकृतिक सौंदर्य और ताजी हवा का आनंद लेने आते हैं। इस परियोजना का उद्देश्य न केवल पर्यावरणीय सुधार है, बल्कि यह स्थानीय आजीविका, पर्यटन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को भी बढ़ावा देगी। मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य ग्रीन और प्लास्टिक फ्री जोन बनाना है ताकि एक स्वच्छ और हरित वातावरण बनाए रखा जा सके। उन्होंने कहा कि एनडीए का उद्देश्य साम्रग विकास है और यह विगत दो दशकों में बिहार के लोगों ने देखा है। मौके पर पूर्व सांसद रामकुमार शर्मा, पूर्व विधायक रामनरेश यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष मनीष कुमार, भाजपा के प्रदेश सह कोषाध्यक्ष आशुतोष शंकर सिंह, भाजपा नेता विशाल कुमार सहित मुजफ्फरपुर अंचल के वन संरक्षक डॉ. निशामणी के, डीएफओ अमिता राज, मोतिहारी डीएफओ राज कुमार शर्मा सहित अन्य मौजूद थे।
