भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने एक बड़ी तस्करी रोधी कार्रवाई में 50 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। यह कार्रवाई गुरुवार को सीतामढ़ी जिले के सोनबरसा क्षेत्र में की गई, जिसमें एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया।
एसएसबी की 51वीं वाहिनी के जवानों को 326/32 पिलर के पास भारतीय क्षेत्र में गश्त के दौरान खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद सोनबरसा से शुरू हुआ पीछा भुतही तक चला। भुतही पुलिस की मदद से एक ऑटो रिक्शा (BR 06 PG 5558) को रोका गया।
तलाशी के दौरान ऑटो से 50 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। यह गांजा पाँच-पाँच किलोग्राम के दस पैकेट में पैक था।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया थाना क्षेत्र के बेंगाही वार्ड 13 निवासी संजय झा (33 वर्ष), पिता राम नरेश झा के रूप में हुई है। इस अभियान का नेतृत्व एसएसबी 51वीं वाहिनी के इंस्पेक्टर राहुल सिंह ढाका ने किया।
खुफिया इनपुट के आधार पर एसएसबी ने सोनबरसा-सीतामढ़ी पथ पर तस्करों की गतिविधियों को चिह्नित किया था।
इस संयुक्त अभियान में भुतही पुलिस टीम के सब इंस्पेक्टर अमरनाथ ठाकुर, पंचमणी कुमार, सिटी सुनील कुमार साह और राम भगत सिंह भी शामिल थे। एसएसबी ने इस कार्रवाई को एक बड़ी सफलता बताया है और तस्करी नेटवर्क की आगे की जांच जारी है।

