सीतामढ़ी जिले के सुरसंड प्रखंड अंतर्गत राधाठर गांव निवासी अभिमन्यु कुमार झा ने प्रयागराज महाकुंभ-2025 में उत्कृष्ट सेवा देकर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है. विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजन महाकुंभ के दौरान उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन असाधारण दक्षता, निष्ठा और समर्पण के साथ किया. महाकुंभ जैसे विशाल और संवेदनशील आयोजन में उनकी भूमिका सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण रही. उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अनुशंसा पर उन्हें महाकुंभ प्रशंसा पत्र एवं महाकुंभ सेवा मेडल से सम्मानित किया गया.
खुफिया तंत्र को मजबूत करने में अहम भूमिका
महाकुंभ-2025 के दौरान अभिमन्यु कुमार झा ने खुफिया तंत्र को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने सुरक्षा बलों के जवानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करते हुए भीड़ प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों की निगरानी और संभावित खतरों की रोकथाम में सराहनीय योगदान दिया. उनकी सतर्कता, सूझबूझ और रणनीतिक सोच के कारण महाकुंभ का आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित रूप से संपन्न कराने में सफलता मिली. उनके इस अनुकरणीय और समर्पित सेवाकाल को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया गया.
सेवाकाल अत्यंत गौरवपूर्ण और चुनौतीपूर्ण
जानकारी के अनुसार, अभिमन्यु कुमार झा का सेवाकाल अत्यंत गौरवपूर्ण और चुनौतीपूर्ण रहा है. उन्होंने देश के कई अति संवेदनशील नक्सल और उग्रवादी प्रभावित क्षेत्रों छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर (श्रीनगर), झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तर-पूर्वी राज्यों में अपनी सेवाएं दी हैं. इन क्षेत्रों में कार्य करते हुए उन्होंने अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और नेतृत्व क्षमता का उत्कृष्ट परिचय दिया है. उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए महानिदेशक द्वारा उन्हें दो बार डीजी डिस्क और चार बार डीजी प्रशंसा पत्र से सम्मानित किया जा चुका है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की अनुशंसा
पूरे सेवाकाल के दौरान अभिमन्यु कुमार झा को आंतरिक सुरक्षा पदक, डीजी डिस्क, डीजी प्रशंसा पत्र, आईजी एवं डीआईजी प्रशंसा पत्र, कमांडेंट प्रशंसा पत्र, सेवा मेडल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा प्रशंसा पत्र सहित कुल 37 बार कैश रिवार्ड से सम्मानित किया गया है. उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे सीतामढ़ी जिले और सुरसंड प्रखंड में खुशी और गर्व का माहौल है. अभिमन्यु कुमार झा की यह सफलता सुरक्षा बलों के जवानों के लिए एक सशक्त प्रेरणास्रोत बनकर उभरी है.

