सीतामढ़ी जिले में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाया गया। मुख्य जिला स्तरीय समारोह डुमरा स्थित हवाई मैदान में आयोजित किया गया।
यहां जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने राष्ट्रध्वज फहराया और उसे सलामी दी। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान गूंज उठा, जिससे पूरा मैदान देशभक्ति के रंग में रंग गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमित रंजन सहित जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।
डीएम रिची पांडेय ने परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। बिहार पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी और स्काउट-गाइड के जवानों ने अनुशासित परेड के माध्यम से अपनी कुशलता का प्रदर्शन किया।
अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी ने संविधान निर्माताओं को नमन किया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाता है।
सामाजिक कल्याण से जुड़ी उपलब्धियों पर प्रकाश डाला डीएम ने जिले के विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और सामाजिक कल्याण से जुड़ी उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने दोहराया कि प्रशासन जनहित के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी नागरिकों से आपसी सौहार्द, भाईचारे और संविधान के मूल्यों को अपनाने की अपील की।
सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराया गया कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। झांकियों के माध्यम से सरकारी योजनाओं और सामाजिक संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित भी किया गया। पूरे जिले में सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराया गया। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक राष्ट्रभक्ति का उत्साह देखने को मिला।

