सीतामढ़ी के बोखड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम ग्रामीणों ने एक युवक को मोटर साइकिल चोरी करते हुए रंगेहाथ पकड़ा। यह घटना खड़का बसंत दक्षिणी पंचायत के लक्ष्मीनिया टोला के पास एनएच-527सी पर हुई। आरोपी की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शाम करीब सात बजे युवक सड़क किनारे खड़ी मोटर साइकिल से छेड़छाड़ कर रहा था। ग्रामीणों को शक होने पर उन्होंने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिससे ग्रामीणों को यकीन हो गया कि वह चोरी की नीयत से आया था।
ग्रामीणों ने आरोपी को भागने से रोकने के लिए सड़क किनारे एक लोहे के खंभे से बांध दिया। घटना की सूचना फैलते ही मौके पर राहगीरों और आसपास के गांवों के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोग आरोपी को पुलिस के हवाले करने की मांग कर रहे थे।
सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम के साथ एएसआई संजय कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपी को ग्रामीणों से छुड़ाया और उसे हिरासत में लेकर बोखड़ा थाना ले गई।
पुलिस ने पकड़े गए युवक की पहचान दरभंगा जिले के बनौली गांव निवासी मोहम्मद मुमताज के 45 वर्षीय पुत्र मोहम्मद एकलाख के रूप में की है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी किसी संगठित गिरोह से जुड़ा है या पूर्व में भी चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है।
पुलिस फिलहाल मामले की छानबीन कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

