सीतामढ़ी। जिले में बीपीएससी से चयनित एक शिक्षिका ने परिवार की मर्जी के खिलाफ अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर विवाह रचा ली। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
जानकारी के अनुसार, वंदना कुमारी रीगा प्रखंड के नरसामा गांव की निवासी हैं। वह बीपीएससी से चयनित शिक्षिका हैं और वर्तमान में परसौनी प्रखंड के मुसहर टोला स्थित एक सरकारी विद्यालय में पदस्थापित हैं।
स्वजन ने उसकी शादी एक अन्य बीपीएससी शिक्षक से तय की थी। 13 मार्च को शादी की तिथि निर्धारित थी। इसी बीच वंदना ने रीगा प्रखंड के रमनगरा गांव निवासी सुमित कुमार के साथ विवाह कर लिया।
सोशल मीडिया पर जारी किया वीडियो
बताया जाता है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। परिवार के विरोध की आशंका को देखते हुए दोनों ने घर छोड़कर शादी करने का निर्णय लिया। शादी के बाद दंपती ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो जारी कर प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है।
वीडियो में युवक ने आरोप लगाया है कि युवती के स्वजन उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। दोनों ने स्वयं को बालिग बताते हुए कहा है कि उन्होंने अपनी इच्छा से विवाह किया है।
इधर, इस मामले में परसौनी थानाध्यक्ष ने बताया कि शिक्षिका के पिता संतोष कुमार गुप्ता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने युवती को बुलाकर पूछताछ की। युवती ने स्वयं को बालिग बताया और विवाह की पुष्टि की।

