पटना में शनिवार की रात एक हॉस्टल से छात्र की डेड बॉडी बरामद की गई. घटना पाटलिपुत्र थाना के मैनपुरा इलाके की है. छात्र की डेड बॉडी एक कंबल में लिपटी हुई मिली. इसके साथ ही जिस कमरे से छात्र की डेड बॉडी मिली उस कमरे के पंखे पर भगवा रंग का फंदा भी लटका हुआ मिला.
कहां का रहने वाला था छात्र?
छात्र की मौत कैसे हुई, यह अब तक पता नहीं चल पाया है. छात्र ने खुदकुशी की या फिर उसकी हत्या की गई, इसे लेकर पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी है. जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान रौशन ठाकुर के रूप में हुई है. रौशन अररिया जिले का रहने वाला था. वह 12वीं क्लास का स्टूडेंट था और पटना के एक हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था.
कमरे में क्या कुछ दिखा?
फिलहाल, पुलिस हर एक एंगल से जांच करने में जुटी है. इस मामले से जुड़ी तस्वीर भी आई. उन तस्वीरों में देखा गया कि रौशन की डेड बॉडी एक कंबल में लिपटी हुई जमीन पर है. पंखे में भगवा रंग का फंदा लटका है. कमरे में एक चौकी पर बर्तन और खाने का सामान है. इसके साथ ही एक स्टडी टेबल और बेड भी है. इसके अलावा कमरे की खिड़की और दरवाजा खुला हुआ है.
पहले भी हॉस्टल में मिल चुकी है डेड बॉडी
पटना में इससे पहले भी हॉस्टल में छात्र या फिर छात्रा की डेड बॉडी मिली थी. पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में छात्रा की मौत को लेकर अब तक सीबीआई की जांच जारी है. इसके अलावा राजधानी के परफेक्ट पीजी हॉस्टल से भी एक छात्रा की डेड बॉडी मिली थी. इन घटनाओं के बाद अब एक और हॉस्टल से छात्र की डेड बॉडी मिली है. ऐसे में पुलिस की छानबीन में घटना को लेकर क्या कुछ खुलासे होते हैं, इसका इंतजार है.

