सीतामढ़ी के डुमरा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 37 में निशा कुमारी को शहरी आशा के रूप में चुना गया है। बरियारपुर गांव के सामुदायिक भवन में आयोजित आमसभा में कुल 11 अभ्यर्थियों ने इस पद के लिए आवेदन किया था।
चयन समिति ने निर्धारित मापदंडों के आधार पर सभी आवेदनों की जांच और अंकन किया। इस प्रक्रिया में निशा कुमारी ने सर्वाधिक अंक प्राप्त किए, जिसके बाद उनका चयन शहरी आशा के पद पर किया गया।
डुमरा अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अक्षय कुमार ने बताया कि शहरी आशा का चयन विभागीय दिशा-निर्देशों और आशा चयन मार्गदर्शिका के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ किया गया है। उन्होंने पुष्टि की कि सभी आवेदनों का नियमानुसार मूल्यांकन कर मेरिट के आधार पर सर्वाधिक अंक पाने वाली अभ्यर्थी का चयन किया गया है।
डॉ. कुमार ने शहरी आशा कार्यकर्ता की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे वार्ड स्तर पर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस आमसभा में बीसीएम सुजीत कुमार, बीईई रंजीत कुमार, सीएचओ नवीन कुमार, आशा फैसिलिटेटर किरण कुमारी, एएनएम कुमारी रंजू व ललिता कुमारी, आशा अनिता कुमारी और पार्षद प्रतिनिधि मदन राम सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।

