सीतामढ़ी जिले भर में आज ईद का त्योहार पारंपरिक हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाएगा। शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। ईद की पूर्व संध्या शुक्रवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकालकर उपद्रवियों को कड़ा संदेश तो लोगों को सुरक्षा का अहसास कराया है। ईद को लेकर जिले के सभी ईदगाहों और प्रमुख मस्जिदों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं।
लगभग 200 से अधिक चिन्हित स्थानों पर दंडाधिकारियों के साथ पुलिस पदाधिकारी और लाठी बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में सादे लिबास में पुलिस बल को तैनात किया गया है ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम को पूरी तरह सक्रिय रखा गया है।
प्रमुख बाजार में रही गहमा-गहमी ईद को लेकर पिछले कुछ दिनों से बाजारों में काफी रौनक देखी गई। मेहसौल, आजाद चौक, कारगिल चौक और गौशाला चौक जैसे इलाकों में लोगों ने जमकर खरीदारी की। प्रशासन ने इन क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए भी विशेष निर्देश जारी किए हैं।
ईद-उल-फितर के मद्देनजर ट्रैफिक डीएसपी दीपक कुमार ने 20 से 21 मार्च तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। सुबह 4 से 9 बजे तक कोटा चौक और गोशाला मार्ग पर सभी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मालवाहक वाहन वाजितपुर तीनमुहानी से पुपरी की ओर भेजे जाएंगे। नमाज के बाद आजाद चौक से वाहनों को मोहनपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।
शांति और सद्भावना के साथ पर्व मनाएं। विधि-व्यवस्था हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कोई भी ऐसा कार्य न करें जिससे सामाजिक ताना-बना प्रभावित हो। उपद्रवियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। – रिची पांडेय, डीएम, सीतामढ़ी

