बिहार की राजधानी पटना में पुलिस ने अपराध और तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जक्कनपुर और बेऊर थाना क्षेत्र में एक संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अवैध हथियार और गांजा की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह कार्रवाई 70 फीट महावीर कॉलोनी स्थित साईं निवास में की गई। पुलिस ने मौके से 8 पुरुषों और 2 महिलाओं को गिरफ्तार किया। उनके पास से देसी पिस्टल, मैगजीन, स्पेयर पार्ट्स, नकद राशि, मोबाइल फोन, चार चक्का वाहन, बाइक और 800 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
गुप्त सूचना पर कार्रवाई
दरअसल, पटना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि साईं निवास में कुछ लोग अवैध हथियार और गांजा का कारोबार कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करने का फैसला किया। नगर पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी पटना के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई। इस टीम में ASP सदर-01 पटना और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 फुलवारीशरीफ भी शामिल थे। जक्कनपुर और बेऊर थाना के थानाध्यक्षों को टीम का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी दी गई।
पुलिस के हत्थे चढ़े 10 लोग
पुलिस टीम ने वैज्ञानिक और तकनीकी तरीके से जांच की और छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल थीं। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं पति के साथ मिलकर धंधा करती थी। पूछताछ में सभी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि वे मुंगेर से अवैध हथियार मंगवाकर पटना शहर में ऊंचे दामों पर बेचते थे। इसके साथ ही वे गांजा का कारोबार भी करते थे।
रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने बताया कि कुछ आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। शुभम कुमार पर बिहटा थाने में धारा 307/34/120B IPC और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। सागर कुमार पर श्रीकृष्णापुरी थाने में धारा 379/34 IPC और कोतवाली थाने में भी मामला दर्ज है। सन्नी कुमार पर कासीमबाजार थाने और मुफस्सिल थाना (मुंगेर) में मामले दर्ज हैं। अभिषेक उर्फ भोकली पर भी कासीम बाजार थाने में दो मामले दर्ज हैं, जिनकी जानकारी पुलिस जुटा रही है।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह का नेटवर्क कितना बड़ा है। पुलिस की इस कार्रवाई को राजधानी में अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रखने की बात कह रही है।