सीतामढ़ी में एक 16 वर्षीय मजदूर किशोर की संदिग्ध मौत से क्षेत्र में तनाव फैल गया है। रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के तरमा गांव निवासी साजन कुमार की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सैदपुर-पुपरी मार्ग पर करीब तीन घंटे तक जाम लगाया।
साजन कुमार मधुबनी जिले में स्थित एक तंबाकू फैक्ट्री में काम करता था। फैक्ट्री के मालिक नवीन मंडल ने गुरुवार को साजन का शव उसके परिजनों को सौंपा। शव सौंपने के बाद नवीन भागने की कोशिश कर रहा था। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। स्थानीय लोगों ने साजन की मौत को संदिग्ध बताते हुए गहन जांच की मांग की है।
दोषियों पर कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग भी की है। पुलिस ने नवीन मंडल को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। सड़क जाम से यातायात बाधित हुआ और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा है।
