सीतामढ़ी के राजगीर खेल परिसर में 29 अगस्त से 7 सितम्बर तक आयोजित होने वाले मेंस हाकी हीरो एशिया कप-2025 को लेकर ट्राफी गौरव यात्रा शुक्रवार को सीतामढ़ी पहुंची। जिला मुख्यालय के हवाई अड्डा मैदान में इसका भव्य स्वागत किया गया। समारोह में जिलाधिकारी रिची पांडे, पुलिस अधीक्षक और अन्य पदाधिकारियों ने ट्राफी उठाकर खुशी व्यक्त की। इस अवसर पर ट्राफी लेकर आई टीम और स्थानीय खिलाड़ियों ने हाकी स्टिक से बाल पास कर खेल भावना का परिचय दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, विद्यार्थी और आम नागरिक उपस्थित रहे और इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने। DM और SP ने संबोधित करते हुए बताया कि बिहार में पहली बार हीरो एशिया कप-2025 का आयोजन राजगीर खेल परिसर में हो रहा है। पिछले साल क्रिकेट टूर्नामेंट का सफल आयोजन हुआ था। इस बार मॉडर्न अंतरराष्ट्रीय हाकी स्टेडियम में 12वां संस्करण खेला जाएगा।
बिहार की खेल क्षमता अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित होगी – DM
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हाल ही में टूर्नामेंट के आधिकारिक शुभंकर चांद और ट्राफी का अनावरण किया है। डीएम ने कहा कि यह आयोजन न केवल राज्य के लिए गर्व की बात है, बल्कि इससे बिहार की खेल क्षमता अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित होगी। साथ ही, यह आयोजन पर्यटन, कला और संस्कृति के क्षेत्र में भी बिहार की छवि को और मजबूत करेगा।
मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र मणि त्रिपाठी, जिला खेल पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी और खिलाड़ी मौजूद रहे। समारोह उत्साह और गौरव से भरा रहा
