लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ आज शाम सीतामढ़ी जिले के रुन्नीसैदपुर पहुंचेगी। इस कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और कांग्रेस संगठन दोनों ही स्तरों पर जोरदार तैयारियां की गई हैं।
🔹 सीतामढ़ी जिला प्रशासन अलर्ट
डीएम रिची पांडेय और एसपी अमित रंजन ने दंडाधिकारियों एवं वरीय अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से ब्रीफिंग की। सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष निर्देश दिए गए हैं। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी की टीम ने भी 27 और 28 अगस्त को होने वाले कार्यक्रम स्थलों का विस्तृत निरीक्षण किया।
🔹 सीतामढ़ी में कार्यक्रम स्थलों का मुआयना
केंद्रीय सुरक्षा दल और राहुल गांधी की टीम ने क्रमवार कई स्थानों का जायजा लिया—
- डुमरा हवाई अड्डा मैदान : यहां नाइट कैंप की व्यवस्था की गई है।
- गांधी मैदान, ललित आश्रम एवं शहीद स्मारक : टीम ने सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
- जानकी मंदिर : यहां पर भी टीम ने सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।
- रीगा किसान भवन : राहुल गांधी यहां किसानों और श्रमिकों से संवाद करेंगे।
- बैरगनिया, पटेल चौक सभा स्थल : प्रस्तावित जनसभा स्थल पर भी सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया गया।
- फुलवरिया घाट तक यात्रा मार्ग : पूरे रास्ते की सुरक्षा और प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया गया।
🔹 सीतामढ़ी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह
इस ऐतिहासिक यात्रा को लेकर कांग्रेसजनों और आम जिलावासियों में गहरा उत्साह देखा जा रहा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष रकट् प्रसाद ने कहा कि “नेता प्रतिपक्ष जननायक राहुल गांधी का यह दौरा लोगों को नए राजनीतिक उत्साह से भर देगा।”
कार्यक्रम के स्थलीय निरीक्षण और जनसंपर्क का नेतृत्व एआईसीसी पर्यवेक्षक सीताराम लाम्बा ने किया। इस मौके पर पूर्व विधायक अमित कुमार टुन्ना, प्रमोद कुमार नील, मो० अफाक खान, संजय बिरख, शम्स शाहनवाज सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
🔹 सीतामढ़ी जिले में सियासी हलचल
राहुल गांधी के आगमन से पूरे इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस कार्यकर्ता आम लोगों को यात्रा से जोड़ने के लिए सक्रिय जनसंपर्क कर रहे हैं, जबकि प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
