सीतामढ़ी के बथनाहा प्रखंड अंतर्गत डिग्गी पंचायत के वार्ड संख्या 16 स्थित केंद्र संख्या 240 में आंगनबाड़ी सेविका बहाली को लेकर रविवार को स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। आमसभा के बार-बार स्थगित होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
ग्रामीणों ने बताया कि इस केंद्र पर सेविका बहाली के लिए वर्ष 2016 में विज्ञापन जारी किया गया था। यह पद अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है, लेकिन आठ साल बीत जाने के बावजूद अब तक चयन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है।
मेधा सूची में छेड़छाड़ का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अनुसूचित जनजाति की पात्रता होने के बावजूद मेधा सूची में कथित रूप से छेड़छाड़ कर एक पिछड़ा वर्ग के लाभार्थी को चयनित करने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, इस मामले को लेकर अब तक आठ बार आमसभा बुलाई जा चुकी है, लेकिन हर बार किसी न किसी कारण से बैठक स्थगित हो जाती है।
रविवार को भी सेविका चयन के लिए आमसभा आयोजित की जानी थी, जिसकी अध्यक्षता सदर एसडीओ आनंद कुमार को करनी थी। हालांकि, बैठक शुरू होने से पहले ही इसे रद्द कर दिया गया। बताया जा रहा है कि एसडीओ ने फोन कर सीडीपीओ रीमा कुमारी को सूचित किया कि अपरिहार्य कारणों से आज की आमसभा स्थगित कर दी जाए।
आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन प्रभावित
बैठक रद्द होने की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद ग्रामीण भड़क गए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि आठ वर्षों से बहाली प्रक्रिया लंबित होने से आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन प्रभावित हो रहा है और बच्चों व महिलाओं को मिलने वाली सेवाओं पर भी असर पड़ रहा है।
इस मामले में सीडीपीओ रीमा कुमारी से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वे मीडिया को जानकारी देने के लिए अधिकृत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में एसडीओ से बात की जा सकती है, जिनकी अध्यक्षता में आमसभा प्रस्तावित थी। वहीं, एसडीओ आनंद कुमार ने बताया कि अपरिहार्य कारणों से आज की आमसभा स्थगित कर दी गई।

