पिछले बीस साल से रिंग बांध पर जर्जर सड़क निर्माण का इंतजार शुक्रवार को शिलान्यास के साथ खत्म हो गया। शिलान्यास के साथ ही कार्य प्रारंभ भी कर दिया गया है।
इससे नगरवासियों में खुशी इस बात की है कि इस सड़क के निर्माण होने से शहर का ट्रैफिक लोड कम हो जाएगा। साथ ही आवागमन आसान होगा।
शुक्रवार को सदर विधायक सुनील कुमार पिंटू और डीएम रिची पांडेय ने संयुक्त रूप से फीता काटकर पुरानी पोस्टमार्टम हाउस-आंबेडकर चौक रिंग बांध सड़क निर्माण का शिलान्यास किया।
शहरी विकास योजना के तहत 14.86 करोड़ की लागत से इस सड़क का निर्माण कार्य होना है। इस अवसर पर विधायक सुनील कुमार पिंटू ने कहा कि इस सड़क के निर्माण को लेकर प्रयासरत रहा।
दिसंबर में इस सड़क का शिलान्यास करने की बात कही गई थी लेकिन तकनीकी कारणों से विलंब हुआ है। अब इस सड़क का निर्माण तेज गति से होगा। इसके निर्माण होने से शहर में ट्राफिक लोड घटेगा और आवागमन की सुविधा आसान होगी।
गोशाला-खैरवा सड़क निर्माण को भेजा प्रस्ताव : डीएम
डीएम रिची पांडेय ने कहा कि पुरानी पोस्टमार्टम हाउस से आंबेडकर चौक 2.16 किमी रिंग रोड का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इसमें 650 मीटर में पीसीसी बनना है।
शीघ्र ही अंबेदकर चौक-कपरौल गुमटी रिंग रोड निर्माण कार्य को टेंडर की प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी। साथ ही गोशाला-खैरवा सड़क निर्माण की स्वीकृति को लेकर पथ निर्माण विभाग को प्रस्ताव भेज दिया गया है।
पोस्टमार्टम हाउस से आंबेदकर चौक सड़क निर्माण कार्य दिसंबर 2025 में ही शुरू कराना था लेकिन कागजी व तकनीकी कारणों से इसमें विलंब हुआ है। लेकिन अब यह कार्य तेजी से किया जाएगा। इसकी लगातार मानीटरिंग की जाएगी।
शिवहर व मोतिहारी तक कनेक्टिविटी
इस सड़क के शिलान्यास होने से नगरवासियों में खुशी है। अशोक कुमार, अभिषेक कुमार शिशु, अरविंद कुमार सिंह, उपमेयर आशुतोष कुमार, वार्ड पार्षद सह भाजपा नेता अंशुल प्रकाश, भाजपा नेता दिनकर पंडित, पूर्व नप अध्यक्ष सुबंश राय, चेंबर आफ कामर्स के अध्यक्ष दर्शन कुमार आदि ने बताया कि इस सड़क का निर्माण होने से मुख्य पथ में ट्रैफिक लोड कम होगा।
जिससे बार-बार लगने वाले ट्रैफिक जाम से काफी हद तक छुटकारा मिल जाएगा। पासवान चौक से रिंग बांध बाबा गणिनाथ मंदिर होते हुए आंबेडकर चौक तक जाने वाली रिंगबांध सड़क बाइपास सड़क के रूप में उपयोग हो रहा है।
लेकिन यह सड़क काफी जर्जर स्थिति में है, जबकि चकमहिला स्थित निजी बस पड़ाव से इसी होकर शिवहर, मोतिहारी, मेजरगंज, बैरगनिया आदि जगहों के लिए बसों का आवागमन होता है।
यह सड़क अभी इतनी संकरी है कि दो बड़े वाहनों के आमने-सामने आ जाने पर निकलने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है। इस सडक के निर्माण से शिवहर व मोतिहारी तक कनेक्टिविटी बेहतर होगा।

