सोनबरसा प्रखंड मुख्यालय में गुरुवार को प्रशासन ने बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सीओ अनुपम कुमार के नेतृत्व में अंचल कार्यालय गेट से बस स्टैंड, मेन चौक, चांदनी चौक होते हुए
रामजानकी पोखर तक सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाया गया। कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे नाले पर बनाए गए स्थायी और अस्थायी ढांचों को हटाया गया। कई स्थानों पर लोगों ने नालों को ढंककर निर्माण कर लिया था, जिसे जेसीबी से तोड़ा गया। इसके अलावा सड़क किनारे रखी बालू, गिट्टी और अन्य निर्माण सामग्री को हटवाया गया।
लंबे समय से खड़ी गाड़ियों को भी जब्त कर हटाया गया। अंचल प्रशासन ने बताया कि अभियान से पूर्व कई बार माइकिंग कर लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी। बावजूद इसके अतिक्रमण नहीं हटाया गया। गुरुवार को अंचल अमीन द्वारा नापी कर सीमांकन किया गया, जिसके बाद तत्काल प्रभाव से बुलडोजर कार्रवाई शुरू की गई।
अभियान के दौरान किसी अप्रिय घटना से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल एवं एसएसबी जवान तैनात रहे। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। प्रशासन का कहना है कि सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बनती थी।
अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना और आम लोगों को राहत देना है। भविष्य में भी सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण पाए जाने पर सख्त कार्रवाई जारी रखने की चेतावनी दी गई है।

