राजस्व विभाग ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) को राम-जानकी पथ में शामिल होने वाले सीतामढ़ी जिले के 35 गांवों की सूची सौंप दी है। यह महत्वपूर्ण पथ प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या को मां जानकी की प्रकाट्यस्थली सीतामढ़ी होते हुए जनकपुर से जोड़ेगा।
यह मार्ग सीतामढ़ी नगर निगम क्षेत्र के साथ-साथ परसौनी, रीगा, बथनाहा, परिहार और सुरसंड प्रखंडों के गांवों से होकर गुजरेगा। एनएचएआइ ने इन सभी गांवों की विस्तृत सूची जारी की है।
राम-जानकी मार्ग के तहत मशरख, चकिया, शिवहर, सीतामढ़ी और भिट्ठामोड़ को जोड़ने वाले फोरलेन एनएच 27ए और एनएच 227 का 146 किलोमीटर लंबा निर्माण कार्य इसी वर्ष शुरू होने की संभावना है। सड़क के एलाइनमेंट को मंजूरी मिलने के बाद, थीम इंजीनियरिंग कंसलटेंट को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का जिम्मा सौंपा गया है।
जानकारी के अनुसार राम-जानकी मार्ग का फोरलेन निर्माण अयोध्या से सीतामढ़ी-नेपाल सीमा तक लगभग 240 किलोमीटर की लंबाई में किया जाएगा। यह मार्ग बिहार-उत्तर प्रदेश सीमा पर मेहरौना घाट से शुरू होकर सीवान, पूर्वी चंपारण होते हुए भिट्ठामोड़ तक पहुंचेगा। इस राजमार्ग में मां जानकी की प्रकाट्यस्थली पुनौराधाम मंदिर भी शामिल होगा, जहां मां सीता का भव्य मंदिर निर्माणाधीन है।
राम-जानकी पथ में शामिल किए गए प्रमुख गांवों में परसौनी उर्फ परसौनी मैलवार, अंडहारा, बेनीपुर, मदनपुर, देमा, भगवानपुर, बखरी, करनहिया, भौरहा, अन्हारी, पुनौरा, खैरवा, भवदेपुर, भगवानपुर पिपराही, कपरौल सिरोमन, रंजीतपुर, फतहपुर गिरमिसानी, सिरौली, बैराहा, कमलदह, दोस्तपुर, पंडौल उर्फ पंथपाकड़, बथनाहा, तुरकौलिया, सिरसिया, सुतिहारा राम, बखरी, सुरगहिया, अदलपुर, हरारी दुलारपुर, बनौली, बराही, सुरसंड, गोपालपुर और श्रीखंडी भिट्ठा शामिल हैं।
इस पथ के निर्माण से अयोध्या से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पुनौरा धाम (सीतामढ़ी) और पूर्वी चंपारण के धार्मिक स्थलों तक आवागमन आसान हो जाएगा। इससे इन क्षेत्रों में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और होटल तथा गाइड जैसे स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
इस एक्सप्रेस-वे के बनने से टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा!
इस मार्ग के निर्माण से इस क्षेत्र में पर्यटन और विकास की संभावनाएं बढ़ेंगी और अर्थव्यवस्था में भी काफी सुधार हो सकता है. इससे पहले संसद में सड़क परिवहन मंत्रालय के द्वारा इसी साल दी गई जानकारी के अनुसार, ‘राम जानकी पथ’ को लेकर केंद्र सरकार नेशनल हाईवे बनाने का ऐलान पहले ही कर चुकी है. यह पूरा प्रोजेक्ट दो-तीन चरणों में पूरा होगा.

