बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के तहत पुलिस अवर निरीक्षक पद की प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा सीतामढ़ी जिले के आठ परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित तिथियों 18 और 21 जनवरी को आयोजित होगी। परीक्षा दो-दो पालियों में होगी—सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक पहली पाली और दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक दूसरी पाली। कल यानी शनिवार को परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों की कुल संख्या 19,191 है।
जिलाधिकारी श्री रिची पांडे और पुलिस अधीक्षक श्री अमित रंजन ने समाहरणालय के विमर्श सभा कक्ष में परीक्षा में तैनात दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की। दोनों वरीय अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, स्वच्छ और कदाचार-रहित वातावरण में संपन्न हो। केंद्राधीक्षक और संबंधित सभी पदाधिकारियों को पूरी तत्परता और निष्ठा से ड्यूटी निभाने का आदेश दिया गया है। डीएम ने चेतावनी दी कि किसी भी केंद्र पर शिकायत मिलने पर केंद्राधीक्षक, शिक्षकगण और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों के खिलाफ बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम-1981 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कदाचार रोकने के कड़े उपाय
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर वीडियोग्राफी अनिवार्य होगी। अभ्यर्थी सादा कागज, क्लिपबोर्ड, स्लाइड रूल, कैलकुलेटर, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ उपकरण, डिजिटल डायरी, पॉमटॉप, पीडीए या कोई अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट केंद्र में ले जाने की मनाही है। यदि कोई अभ्यर्थी परीक्षा के दौरान नकल या कदाचार का प्रयास करता पाया गया, तो उसकी पात्रता तुरंत रद्द कर दी जाएगी।
नियंत्रण कक्ष और अन्य इंतजाम
परीक्षा की निगरानी के लिए जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय, सीतामढ़ी में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। संपर्क नंबर: 06226-250316। विद्युत विभाग, ट्रैफिक डीएसपी, जिला परिवहन पदाधिकारी समेत अन्य विभागों को परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। अनुमंडल दंडाधिकारी सीतामढ़ी को परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश दिया गया है। केंद्रवार स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी, जोनल मजिस्ट्रेट के साथ उड़न दस्ते की भी प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की गई है।
जिलाधिकारी श्री रिची पांडे ने कहा, “परीक्षा का कदाचार-रहित संचालन हमारी प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी निभाएं, ताकि अभ्यर्थियों को निष्पक्ष माहौल मिले।” पुलिस अधीक्षक श्री अमित रंजन ने भी अपील की कि अभ्यर्थी नियमों का पालन करें और परीक्षा को सफल बनाएं।
सीतामढ़ी जिला प्रशासन ने युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए यह परीक्षा निष्पक्ष रूप से संपन्न करने का संकल्प लिया है। अभ्यर्थी केंद्रों पर समय से पहुंचें और सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।
रिपोर्ट: वॉयस ऑफ बिहार न्यूज़ डेस्क

