सीतामढ़ी शहर के मेहसौल थाना क्षेत्र में बुधवार को ‘ब्लेड गैंग’ ने दिनदहाड़े एक शिक्षक से एक लाख रुपये उड़ा लिए। हालांकि, स्थानीय लोगों और पुलिस की सतर्कता से गिरोह के एक बदमाश को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी नकदी लेकर फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, फरछहिया प्राथमिक विद्यालय में पदस्थापित अररिया निवासी 53 वर्षीय शिक्षक जुगुत लाल राम बुधवार को किरण चौक स्थित स्टेट बैंक की शाखा से एक लाख रुपये की निकासी कर कारगिल चौक स्थित बजाज फाइनेंस में जमा करने जा रहे थे।
इसी दौरान लखनदेई पुल के समीप एक युवक आटो में सवार हुआ और कुछ दूर आगे बढ़ने पर उसने अपने एक साथी को भी जबरन आटो में बैठा लिया। कारगिल चौक के पास पहुंचते ही पहले से बैठा युवक अपने ही पैसे गिरने का नाटक करने लगा।
इसी बहाने उसने शिक्षक का ध्यान भटका दिया। इसी बीच मौके का फायदा उठाते हुए उसके साथी ने ब्लेड से शिक्षक का थैला काटकर एक लाख रुपये निकाल लिए और फरार हो गया। घटना का आभास होते ही पीड़ित ने शोर मचाया।
इसके बाद आसपास के लोग और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी सक्रिय हो गए। तत्परता दिखाते हुए एक संदिग्ध युवक को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान बेगूसराय जिले के बरौनी (फुलवरिया) थाना क्षेत्र के सोगराहा गांव निवासी राजाराम पाण्डेय के पुत्र मिंटू कुमार (28) के रूप में हुई है।
वहीं फरार आरोपित की पहचान उमेश पांडेय के पुत्र राहुल पांडेय के रूप में हुई है। राहुल पांडेय भी सोगराहा का ही रहने वाला है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ शुरू कर दी है और उसके फरार साथी की तलाश में छापेमारी जारी है।
घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। थानाध्यक्ष मोहम्मद असदुल्लाह ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति द्वारा आवेदन दिया गया है। आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पैसे की बरामदगी नहीं हो सकी है। एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।
कौन है पकड़ा गया आरोपी? : पकड़े गए युवक ने अपनी पहचान मिटू कुमार (28), पिता राजा राम पांडे, निवासी सोगराहा, थाना बरौनी, जिला बेगूसराय के रूप में बताई है। फरार आरोपी: राहुल पांडे, पिता उमेश पांडे
पुलिस एक्शन में : पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर रही है और फरार साथी की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
सावधान! ऐसे गैंग से बचें : ऐसी घटनाएं लोगों के लिए चेतावनी है,जरा सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। पैसा निकालने के बाद सतर्क रहें,भीड़भाड़ या पब्लिक ट्रांसपोर्ट में बैग सुरक्षित रखें,संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत अलर्ट हो जाएं

