सीतामढ़ी के परिहार प्रखंड में सरकारी कृषि योजनाओं से किसानों को जोड़ने के लिए ई-केवाईसी और फार्मर रजिस्ट्री का कार्य तेजी से जारी है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, अब तक 14,565 किसानों की ई-केवाईसी तथा 4,144 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है।
किसानों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से निजात
शेष किसानों की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए प्रशासन ने 21 जनवरी तक सभी पंचायतों में विशेष कैम्प आयोजित करने का निर्णय लिया है। इन पंचायत स्तरीय कैम्पों के माध्यम से किसानों को स्थानीय स्तर पर ही सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उन्हें प्रखंड कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
प्रत्येक कैंप एक कृषि कर्मचारी की तैनाती
कैम्पों में कृषि कर्मियों को तैनात किया गया है, जो किसानों के आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर मौके पर ही ई-केवाईसी और फार्मर रजिस्ट्री करेंगे। इस संबंध में गुरुवार को बीईओ जितेंद्र दास ने बताया कि सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र किसान योजनाओं से वंचित न रहे।
21 जनवरी तक पंचायतों में शिविर लगेंगे
उन्होंने कहा कि 21 जनवरी तक सभी पंचायतों में कैम्प लगाकर शेष किसानों की ई-केवाईसी और फार्मर रजिस्ट्री पूरी कराई जाएगी। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे आधार कार्ड और बैंक पासबुक सहित आवश्यक दस्तावेज लेकर निर्धारित तिथि पर कैम्प में पहुंचें, ताकि उन्हें पीएम किसान, फसल बीमा और अन्य योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

