सीतामढ़ी। शहर के कोर्ट बाजार वार्ड-17 में गुरुवार सुबह पूर्व के विवाद में भतीजे ने घर में घुसकर चाचा को मारी गोली मार दी। इसके बाद भतीजा से हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गया। जख्मी की पहचान नगर थाना अंतर्गत वार्ड 17 निवासी सुनील कुमार श्रीवास्तव के रुप में की गई है। गोलीबारी में जख्मी सुनील खून से लथपथ हालत में खुद ही चलकर थाने पहुंचा। पुलिस ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने उसकी गंभीर हालत को देखते रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों ने शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना की सूचना पर सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह व नगर थानाध्यक्ष विनय प्रताप सिंह घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। वहीं अस्पताल पहुंचकर जख्मी का बयान दर्ज किया। जांच के दौरान आसपास में लगे सीसीटीवी में गोलीबारी के बाद भतीजे के हाथों में पिस्टल लेकर भागने का फुटेज मिला है। इधर, जख्मी का इलाज कर रहे डॉ. वरुण कुमार ने बताया कि गोली सुनील के पेट में लगी थी। इसे ऑपरेशन कर गोली निकाल दिया गया है, अब वह खतरें से बाहर से है। इधर, घटना के संबंध में जख्मी सुनील कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उसकी पत्नी आंगनबाड़ी सेविका है, जो सुबह में मीटिंग में गयी थी।
वह मंदिर से पूजा कर लौटने के बाद घर में आराम कर रहा था। इसी दौरान उसके दोनों भतीजे आदर्श व सोनू आए और बोला कि चाचा अब ऊपर जाने का समय आ गया है। इसके बाद एक ने कमर से पिस्टल निकाल उसे गोली मार दी, फिर दोनों भाग निकला। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद अस्पताल पत्नी व परिजनों की भीड़ उमड़ पड़ी। सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सुनील कुमार श्रीवास्तव और उनके भाई व भतीजा के बीच पूर्व से विवाद चल रहा है। पूर्व में हुई मारपीट की घटना को नगर थाने में केस दर्ज है। जख्मी का बयान दर्ज कर एफआईआर की जा रही है। घटना के बाद आरोपित भतीजा फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
