सांसद देवेश चन्द्र ठाकुर ने माता सीता की प्राकट्य स्थली सीतामढ़ी की काशी, अयोध्या, मऊ, लखनऊ, कानपुर, गौतमस्थान, उन्नाव, कन्नौज, फर्रुखाबाद आदि स्टेशनों तक पहुंच बढ़ाने को एक्सप्रेस ट्रेनों के सीतामढ़ी रेलवे स्टेशन तक विस्तार के लिए रेल मंत्री को पत्र लिखकर मांग की है। सांसद ने रेल मंत्री को पत्र लिखकर 15053/ 15054 छपरा-लखनऊ एक्सप्रेस एवं 15083/15084 छपरा-फर्रुखाबाद उत्सर्ग एक्सप्रेस का सीतामढ़ी जंक्शन तक विस्तार करने का अनुरोध किया।
इस बावत केन्द्रीय रेलवे रेलयात्री संघ एवं कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इण्डिया ट्रेडर्स (कैट), सीतामढ़ी के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सुन्दरका ने सांसद को ज्ञापन देकर आग्रह किया था। जिलाध्यक्ष श्री सुन्दरका ने छपरा-लखनऊ एक्सप्रेस एवं उत्सर्ग एक्सप्रेस के सीतामढ़ी तक विस्तार होने की जरूरत को बताते हुए कहा कि ट्रेनों के सीतामढ़ी तक विस्तार से सीतामढ़ी और आस पास के यात्रियों को छपरा होते हुए प्रमुख तीर्थ स्थलों तक बार-बार पहुंचने का अवसर मिलेगा।
वहीं कुछ दिन पूर्व सांसद देवेश चन्द्र ठाकुर ने सीतामढ़ी से पटना की ट्रेन में एलएचबी कोच लगाने एवं मुजफ्फरपुर से खुलने वाली ट्रेनों के सीतामढ़ी तक विस्तार की मांग रेल मंत्री से की थी। डीआरयूसीसी के पूर्व सदस्य आलोक कुमार ने कहा कि कोच कम होने से लोकल यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है।

