सीतामढ़ी जिले के परिहार थाना क्षेत्र में दबंग परिवार की महिलाओं द्वारा एक महिला की क्रूर पिटाई का वायरल वीडियो रोंगटे खड़े कर रहा है। वीडियो में पटक-पटक कर की गई बेरहमी भरी पिटाई के बाद पीड़िता सोनावती देवी की मौत की चर्चा जोरों पर है। ग्रामीण दबी जुबान से इसे मौत का कारण बता रहे हैं, लेकिन पुलिस का दावा है कि मामला पुराना है और मौत ठंड से हुई। वीडियो वायरल होने के बावजूद कोई कार्रवाई न होने पर पुलिस पर सवाल उठने लगे हैं।
डेम्हुआ गांव का है सनसनीखेज मामला
घटना परिहार थाना क्षेत्र के डेम्हुआ गांव की है। मृतका सोनावती देवी गांव के जयकिशुन राउत की पत्नी थीं, जिनकी जाति गांव में अल्पसंख्यक है। कथित हमलावर महिलाएं दबंग परिवार से ताल्लुक रखती हैं। सूत्रों के अनुसार, आठ-दस दिन पहले बच्चों के बीच विवाद बढ़कर अभिभावकों तक पहुंच गया। इसी दौरान दो महिलाओं ने सोनावती को पहले उनके दरवाजे पर पीटा और जब वह बचने के लिए खेत की ओर भागीं, तो बाल पकड़कर पटक-पटक कर लात-मुक्कों से बेरहमी से पीटा।
वीडियो में ‘बाल नोच लो… मारो’ के नारे, ग्रामीणों में डर का माहौल
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति पीड़िता को बचाने का नाटक करता नजर आता है, लेकिन मौजूदगी में ही पिटाई जारी रहती है। वीडियो में साफ सुना जा सकता है कि एक व्यक्ति बार-बार चिल्ला रहा है, “बाल नोच लो… मारो… मारो।” पिटाई से सोनावती मूर्च्छित हो गईं। संभलकर उठीं तो दोबारा हमला हो गया। पिटाई के दो दिन बाद उनकी मौत हो गई। खास बात यह कि न तो पिटाई की कोई FIR दर्ज हुई, न ही मौत के लिए। दबंगता के चलते मृतका के परिजनों को थाने पहुंचने नहीं दिया गया और मामला गांव में ही रफा-दफा कर दिया गया।
पुलिस का पक्ष: पुराना वीडियो, ठंड से मौत
परिहार थानाध्यक्ष से मौखिक जानकारी लेने के बाद एसपी अमित रंजन ने कहा, “वीडियो एक-दो माह पुराना है। महिला की मौत ठंड से हुई लगती है। मामले की जांच जारी है।” हालांकि, वीडियो वायरल होने और ग्रामीणों के बयानों के बाद न्याय की मांग तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर लोग पुलिस की सुस्ती पर सवाल उठा रहे हैं।
यह घटना गांवों में व्याप्त दबंगता और जातिगत तनाव को उजागर करती है। जिला प्रशासन से अपेक्षा है कि निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को सजा मिले, ताकि न्याय का भरोसा कायम रहे।

