सीतामढ़ी जिले के रीगा थाना क्षेत्र के उत्तम नगर रमनगरा पुलिस पिकेट से महज सौ मीटर की दूरी पर बाइक सवार बदमाशों ने सरेशाम एक घर में घुसकर खाना बना रही महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया गया भैसूर से खतियानी जमीन को लेकर चल रहे विवाद में बदमाशों ने महिला को गोली मारी है। मृतका की पहचान स्थानीय निवासी उपेन्द्र सिंह के 41 वर्षीय पत्नी सोनिया देवी के रुप में की गई। अपाचे बाइक पर सवार होकर आए नकाबपोश तीन बदमाश घर में प्रवेश घुसे और किचेन में खाना बना रही सोनिया देवी से जमीन रजिस्ट्री कराने की बात पूछकर उसके आठ वर्ष की मासूम पुत्री के सामने ही उसके सिर में गोली मार दी।
जिसके बाद तीनों बदमाश बाइक पर सवार होकर सोनबरसा के रास्ते नेपाल की ओर भाग निकले। स्थानीय लोगों की मदद से महिला को पहले शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। सरेशाम घर में घुसकर गोली मारने की घटना के बाद से पूरे जिले में दहशत का माहौल हो गया है। सूचना पर सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह, नगर थानाध्यक्ष विनय प्रताप सिंह सदर अस्पताल पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली।
इसके बाद रीगा पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरु कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, महिला का पति उपेन्द्र सिंह नेपाल में रहकर कारखाना चलाता है। घर पर महिला अपने दो बच्चों के साथ रहती थी और खतियानी जमीन को लेकर उसके भैसूर से विवाद चल रहा था। हाल ही में उक्त जमीन को उसके ससुर ने अपने पुत्र उपेन्द्र सिंह के नाम रजिस्ट्री कर दिया था।
परिजनों का आरोप है कि उसके भैसूर ने ही शूटरों की मदद से गोली मारकर हत्या करवा दी है। इधर, घटना की सूचना पर पूर्व नगर विधायक सह राजद के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार कुशवाहा सदर अस्पताल पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली। वहीं जिले में लगातार हो रही घटनाओं पर पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर आक्रोश जताया है।
