शहर में बढ़ते जाम की समस्या ने आम लोगों का जीवन मुश्किल कर दिया है। हर दिन घंटों तक जाम में फंसे रहने की मजबूरी अब शहरवासियों की दिनचर्या बन चुकी है। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि नगर निगम द्वारा गठित 25 सदस्यीय टास्क फोर्स सड़कों पर सक्रिय नज़र नहीं आती। यही वजह है कि शहर की मुख्य सड़कों, चौक-चौराहों और बाजारों में हर दिन जाम की स्थिति बनी रहती है।
हालात यह है कि अस्पताल रोड, मेहसौल रोड, रेलवे स्टेशन रोड, बस स्टैंड, रीगा रोड, बैरगनिया रोड जैसे प्रमुख मार्गों पर जाम से घंटों तक वाहनों की लाइनें लगी रहती हैं। ऑटो, ई-रिक्शा और अवैध पार्किंग इस समस्या को और भी गंभीर बना रहे हैं। चौक-चौराहों पर बने अनधिकृत ऑटो स्टैंड जाम की सबसे बड़ी वजह बन गए हैं। बिना किसी रोक-टोक के सड़क के बीचों-बीच खड़े ऑटो न सिर्फ यातायात बाधित करते हैं, बल्कि राहगीरों के लिए भी बड़ी परेशानी का कारण बनते हैं। मेहसी रोड, डुमरा चौक, स्टेशन रोड और नयाराम चौक पर अवैध स्टैंड के कारण जाम लगना रोज़ की बात हो गई है। नगर निगम द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थलों की कमी से लोग जहां-तहां गाड़ियां खड़ी कर देते हैं, जिससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और घंटों लंबा जाम लग जाता है।
सुबह करीब 10.15 बज रहा था। शहर के मुख्य चौराहा मेहसौल चौक पर एक ऑटो ने सवारी को बैठाने के लिए अचानक से गाड़ी को मोड़ दिया। महज 30 सेकेंड में ही पीछे 20 से अधिक गाड़ियां आकर लग गयी। कुछ देर में ही गाड़ियों के फंसने का सिलसिला शुरु होगा। इसके बाद शाम छह बजे तक यहां जाम की स्थिति बनती रही। अजय कुमार बताते हैं कि अवैध टेंपू खड़ा करने व अतिक्रमण के कारण अक्सर जाम की समस्या होती है।
^निगम की ओर से गठित टीम के बारे में जानकारी नहीं है। विभाग की ओर से एक पत्र प्राप्त हुआ है। जिसके आलोक में जिला से पुलिस बल प्रतिनियुक्ति की मांग की गई है। जल्द इस पर पहल की जाएगी। – डॉ. गजेन्द्र प्रसाद सिंह, आयुक्त, नगर निगम ^जाम की समस्या को लेकर हर चौक चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। यातायात नियमों को तोड़ने वालों को जुर्माना भी किया जा रहा है। शहर में जल्द ही अतिक्रमण के खिलाफ अभियान शुरू किया जायेगा। -दीपक कुमार, यातायात डीएसपी
दोपहर 1.30 बजे जानकी स्थान चौक पर जाम लगा था। चौक पर एक गार्ड दिखा। वह भी चौक से दूर एक वाहन चालक से उलझा हुआ था। पीछे लगातार गाड़ियों के सीटी की आवाज आ रही थी। यह स्थान बेहद खास है। शहर को रीगा, मेजरगंज, बैरगनिया प्रखंड से जोड़ता है। वहीं शिवहर जिले से शहर में प्रवेश का यही मुख्य मार्ग है। लेकिन, सड़कों पर दोनों ओर खड़े किए गए ऑटो और रिक्शा के कारण सड़कें संकीर्ण हो जाती है।
दोपहर करीब 11.45 बजे बाइपास रोड में जाम की स्थिति नहीं थी। पर, 12.15 बजे के बाद जाम लग गयी। हुआ यह कि एक बस मुजफ्फरपुर जाने के लिए स्टैंड से निकला। आगे पुल से पहले एक दूसरी बस बंद खड़ी थी। जबकि आगे बढ़ने पर एक ट्रक भी सड़क किनारे ही खड़ी थी। इसका चालक गायब था। स्टैंड से बस के निकलते ही यातायात व्यवस्था चरमरा गयी। इस दौरान स्कूल की गाड़ियां भी फंसी रही।

