सीतामढ़ी में निगम क्षेत्र के कोट बाजार, वार्ड नंबर 18 के नूनिया टोली ब्रह्म स्थान इलाके में छठ महापर्व को लेकर इस वर्ष व्रतियों की चिंता बढ़ गई है। क्षेत्र के लोगों को छठ घाट जाने की चिंता सता रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घर से निकलते ही नाली का गंदा पानी एवं कीचड़ से लोगों के जन जीवन को अस्त व्यस्त कर के रख दिया है। छठ व्रती महिलाएं बताती हैं कि मोहल्ले की स्थिति को देखकर यह तय नहीं कर पा रही हैं कि महापर्व को कैसे संपन्न की जाएगी। सभी डाला लेकर घाट कैसे जाएंगे। व्रतियों व परिजनों को गंदे पानी होकर ही छठ घाट तक जाना होगा। इससे अपवित्रता और गिरकर कपड़ा गंदा होेने का भय लोगों को सता रहा है। लोग बताते हैं कि यहां नाली के गाद से भरे होने के कारण जल निकासी की समस्या बन कर रह गई है।
गत दिनों अत्यधिक बारिश के चलते ज्यादा पानी लग गया था, परन्तु निगम ने पंप के माध्यम से निकासी तो कर दी। लेकिन, घर से निकलने वाले पानी सड़क पर लग जाने से अधिक कठिनाई हो रही है। कही कही नाले से कीचड़ निकालकर सड़क पर रख देने से कठिनाई और बढ़ गई है। वही नाली की उड़ाही न होने से जल जमाव को समस्या गंभीर बन कर रह गई है। स्थानीय समाजसेवियों ने भी अपील की है कि छठ जैसे लोकपर्व में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन सक्रिय भूमिका निभाए, ताकि छठ व्रतियों को श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा-अर्चना करने में कोई कठिनाई न हो।
स्थानीय लक्ष्मण गुप्ता ने बताया कि वार्ड पार्षद समेत निगम के अधिकारी को कहते कहते थक गया, परन्तु आज तक इस नर्क से निगम ने मुक्ति नहीं दिला सके। बारिश के जलजमाव से तो निगम ने पंप के माध्यम निकाल दिया, परन्तु नाली में भरे मिट्टी एवं घर से निकल रहे गंदे पानी से फिर से सड़क पर जलजमाव हो गया है। इससे घर से निकलना दुश्वार हो गया है। यहां के लोगों का छठ लखनदेई घाट एवं जानकी मंदिर स्थित उर्विजा कुंड जाना पड़ता है।
^कोट बाजार नूनिया टोली से जलजमाव का मामला संज्ञान में है। वहां के लोगों की समस्या को देखते हुए तत्काल छोटा पंप लगाया जा रहा है। वही नाली से कीचड़ निकालने पर उसको सूखने के बाद उठाया जाएगा। जल्द समस्या का समाधान हो जाएगा। – गौतम कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी, नगर निगम

