सीतामढ़ी। बाजपट्टी थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम बाबूनरहा गांव स्थित सरेह में पुल के पास बाइक सवार बदमाशों ने युवक आदित्य सिंह ठाकुर (25) की गोली मारकर हत्या कर दी। आदित्य डुमरा थाना क्षेत्र के बेली गांव निवासी सूर्य नारायण ठाकुर का पुत्र था। वारदात के बाद लोगों ने उसे सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। सूचना पर बाजपट्टी थानाध्यक्ष सुखबिंदर नैन ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर कर घटना की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि नरहा चौक पर दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से बदमाशों की पहचान की जा रही है।
अपराधी जल्द पकड़े जाएंगे। घटनास्थल से छह खोखे बरामद किए गए हैं। लोगों ने बताया कि आदित्य तीन दिन पहले ननिहाल आया था। शाम में टहलने के दौरान रिश्तेदारों व गांव के लोगों के साथ वह पुल पर बैठा था। इसी बीच तीन बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से आदित्य वहीं गिर गया। अन्य लोगों को छूकर गोली निकल गई। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बदमाशों की पहचान का दावा किया है। प्रारंभिक छानबीन में आपसी विवाद में हत्या की बात सामने आ रही है। घटनास्थल से पार्टी किये जाने के साक्ष्य मिले हैं। मृतक शराब तस्करी व हत्याकांड में भी वांछित था। पुलिस हर बिंदू पर जांच कर रही है। अमित रंजन, एसपी
