होली के मौके पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा युद्ध के खिलाफ रही है। इस दौरान उन्होंने ईरान युद्ध और युक्रेन युद्ध का नाम लिए बिना वर्तमान हालातों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज जमीन की लड़ाई से पहले तकनीक से लड़ाई लड़ी जा रही है।
इस दौरान अखिलेश यादव ने 80 के दशक के चंबल का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया ने हाल में देखा कि एक ताकतवर देश ने दूसरे देश के राष्ट्रपति का अपहरण कर लिया।
इटावा में होली मिलन कार्यक्रम में आए लोगों को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “यहां जो चंबल यमुना के किनारे के लोग होंगे, वो जानते होंगे 1980 के दशक में या उससे पहले अपहरण हुआ करते थे लेकिन इधर अपहरण नहीं हो रहे हैं। लेकिन जो अपहरण हमने आपने देखा, एक ताकतवर देश ने दूसरे देश के राष्ट्रपति का अपहरण कर लिया…”
जानिए अखिलेश यादव के भाषण की बड़ी बातें
अखिलेश यादव ने कहा, “कहीं जान जा रही है, कहीं मिसाइल चल रही है, कई बम चल रहा है…और ऐसा समय हम सब लोगों ने कभी नहीं देखा होगा, जहां हर चीज की हमें जानकारी मिल रही हो। अगर कोई घटना दुनिया के किसी हिस्से में हुई हो लेकिन वो घटना क्या है, उसकी जानकारी हमें और आपको तुरंत मिल जाती है।”
उन्होंने यह भी कहा, “कई जगह युद्ध अभी तक बंद नहीं हुए हैं, युद्ध चलते जा रहे हैं, एक-दूसरे की जान ले रहे हैं। एक किनारा जहां पर पिछले कई वर्षों से युद्ध चल रहा है। उस युद्ध में लाखों लोगों की जान जा चुकी है। कई देश एक-दूसरे की सीमाओं पर घुस रहे हैं… और कभी ये नहीं सोचा होगा कि ये जो ताकतवर देश है दुनिया का, वो एक दूसरे देश के राष्ट्रपति का अपहरण कर लेता हो।”
ईरान के सुप्रीम लीडर की मौत का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “एक देश के राष्ट्रपति जो अपनी मीटिंग में बैठे थे, सोचो एक बम आया और सबको खत्म करके, सबको नष्ट करके चला गया। अभी भी युद्ध चल रहा है और युद्ध की सब जानकारी हमें मिल रही है। जो युद्ध चल रहा है, उससे प्रभावित आपके और हमारे लोग भी हो रहे हैं।”

