सीतामढ़ी जिले में बुधवार की सुबह से ही मोंथा चक्रवात का असर दिखने लगा है। आसमान में दिन भर बादल मंडराते रहे हैं एवं हल्की बुंदा बांदी होती रही है। दिन भर धूप का दर्शन नहीं हो सका है। वहीं ठंडी पूर्वा हवा के कारण मौसम के तापमान में भी एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम वैज्ञानिक सह नोडल पदाधिकारी डॉ. राम ईश्वर प्रसाद ने बताया कि जिले में मोंथा चक्रवात का प्रभाव बढ़ने लगा है। इसके कारण गुरुवार से शनिवार के बीच गरज के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान ठंडी पूर्वा हवा व हल्की बूंदा बांदी से वायुमंडल में आर्द्रता प्रतिशत में वृद्धि हो रही है, जिससे ठंडक का अनुभव हो रहा है।
अगले 24 घंटे में मौसम के अधिकतम तापमान का सात से आठ डिग्री गिरकर 24 से 23 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं। हालांकि न्यूनतम तापमान में महज दो डिग्री तक के गिरावट के ही आसार है। इस दौरान वायुमंडल का सापेक्षित आर्द्रता सुबह के समय 85 से 90 व दोपहर के बाद 55 से 60 तक रहने के आसार हैं।
मोंथा चक्रवात को लेकर मौसम विभाग के द्वारा अलर्ट जारी किया गया है। जिसमें नोडल पदाधिकारी डॉ. राम ईश्वर प्रसाद ने बताया है कि अगले तीन दिनों में तेज व तुफानी हवा के साथ गरज के साथ भारी बारिश होगी। उन्होंने किसानों व आम लोगों को इसके लिए सतर्क रहने की चेतावनी दी है। उन्होंने बारिश के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ही आश्रय लेने की हिदायत दी है, वहीं उन्होंने किसानों को दूर सरेह में जाने से परहेज रखने की सलाह दी है। बताया है कि बारिश के साथ ही वज्रपात की प्रबल संभावना है। इसके साथ ही उन्होंने किसानों को तैयार कटे हुए धान की फसल को सुरक्षित करने एवं आगे तत्काल कटनी करने पर पाबंदी लगाने की बात कही है। उन्होंने सब्जी उत्पादक किसानों को सिंचाई बंद रखने एवं खेतों से जलनिकासी की व्यवस्था रखने पर बल दिया है।

