परिहार से भाजपा के विधायक ई. अनिल राम के खिलाफ भाजपा और एनडीए की ओर से ही विरोध प्रदर्शन का दौर जारी है। इस बीच संगठन के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को भुतही चौक पर विधायक अनिल राम के खिलाफ विरोध मार्च निकाला। वहीं उनका पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बथनाहा बचाओ, अनिल राम भगाओ, घूसखोर विधायक भगाओ और एनडीए जिंदाबाद, अनिल राम मुर्दाबाद जैसे नारे लगाये। वहीं बाजार में विरोध मार्च निकाला। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विधायक पूरे कार्यकाल में क्षेत्र से नदारद रहे। संगठन और बीस सूत्री समितियों में अपने रिश्तेदारों व ठेकेदारों को वरीयता दी। कहा कि यदि इन्हें दुबारा उम्मीदवार बनाया गया, तो पार्टी की हार निश्चित है।
सभी ने शीर्ष नेतृत्व से मांग की कि अनिल राम के बदले किसी अन्य कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाया जाए, ताकि भाजपा का मजबूत सीट बरकरार रहे। वरिष्ठ भाजपा नेता सियाशरण मुखिया ने कहा कि विधायक के ससुर और बहनोई पूरे कार्यकाल में ठेकेदारी व दलाली करते रहे। कार्यकर्ताओं का अपमान हुआ है। पंचायत समिति सदस्य पप्पू ठाकुर ने टिकट बदले जाने की मांग की। वहीं ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में हाल के समय में जल संकट की गंभीर समस्या रही। इस दौरान विधायक एक दिन भी लोगों का हाल जानने क्षेत्र में नहीं आए।
