सीतामढ़ी में वर्षों के इंतजार के बाद अब वह ऐतिहासिक घड़ी आ गई है। जब पुनौरा धाम में मां सीता की जन्मस्थली पर भव्य सीता मंदिर का निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है। इसका शिलान्यास 8 अगस्त को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार संयुक्त रूप से करेंगे।
रविवार को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने पुनौरा धाम पहुंचकर इसकी औपचारिक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह पल भारत और नेपाल दोनों के लिए गर्व का विषय है। “मां सीता दोनों देशों की आस्था और संस्कृति की सेतु हैं,” उन्होंने कहा।
882.87 करोड़ की योजना को मिली मंजूरी
नीतीश कैबिनेट ने मंदिर निर्माण और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए 882.87 करोड़ रुपए की योजना को स्वीकृति दी है। इस योजना के तहत मंदिर परिसर का विकास, पर्यटक सुविधाएं, सड़क और अन्य बुनियादी ढांचा शामिल हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहले ही इस परियोजना को शीघ्र शुरू करने की घोषणा कर चुके हैं।
स्थल निरीक्षण और तैयारियों की समीक्षा
शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। रविवार को डीएम रिची पांडे, एसपी अमित रंजन और अन्य अधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के साथ पुनौरा धाम पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम को ऐतिहासिक और भव्य बनाने की दिशा में तैयारियां जोरों पर हैं।
स्थानीय लोगों में खुशी की लहर
इस ऐतिहासिक घोषणा से सीतामढ़ी और आसपास के इलाकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। लोगों का मानना है कि यह मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और पर्यटन विकास का मुख्य द्वार भी सिद्ध होगा। 8 अगस्त को सीतामढ़ी के लोग एक ऐसे ऐतिहासिक क्षण के गवाह बनेंगे, जिसका सपना उन्होंने वर्षों से देखा था।
